महाराष्ट्र के रायगढ़ ज़िले में भारी बारिश के बीच भूस्खलन होने से 36 लोगों की मौत हुई है। इस हादसे में अभी भी कई लोगों के दबे होने की ख़बर आ रही है।

रायगड की ज़िलाधिकारी निधि चौधरी ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए इस ख़बर की पुष्टि की है।

उन्होंने कहा है, “इस ज़िले में भूस्खलन की वजह से कुल 36 लोगों की मौत हुई हैं. इनमें से 32 लोगों की मौत तलाई क्षेत्र और 4 लोगों की मौत सखर सूतर वाडी में हुई है। इसके साथ ही अभी भी 30 लोग फंसे हुए हैं।”

प्रशासन की ओर से आपदा प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों को बचाने के लिए हेलिकॉप्टर की मदद ली जा रही है

कोंकण में बारिश का कहर जारी

महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र में पिछले कई दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है जिससे कई ज़िलों में बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति बन रही है।

गुरुवार को रत्नागिरी ज़िले में परशुराम घाट पर भूस्खलन होने से तीन लोगों की मौत हो गयी. इसके साथ ही रत्नागिरी, अकोला, और कोल्हापुर ज़िले में बाढ़ का पानी कई इलाकों में घुस चुका है।

रत्नागिरी ज़िले का चिपलुन शहर गुरुवार को दस फीट पानी में डूब गया था जिससे ज़्यादातर घरों की पहली मंजिल पानी में डूब गयी थी। बसें पूरी तरह पानी में डूब गयी थीं जिसके बाद प्रशासन की ओर से नाव के ज़रिए बचाव अभियान चलाया गया था।

भूस्खलन और बाढ़ की वजह से मध्य रेलवे और कोंकण रेलवे की सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। कम से कम 6000 यात्री रेलवे पुल डूबने की वजह से रास्ते में ही फंस गए हैं। रेल विभाग इन यात्रियों के खाने-पीने का बंदोबस्त कर रहा है।

0 Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Get Newsletter

Advertisement